बाराबंकी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. अवधेश यादव ने शहाबपुर स्थित कुमार हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण किया। वहां के हालात देखकर वह हैरान रह गए। निरीक्षण के दौरान, अस्पताल में न तो कोई पंजीकृत एमबीबीएस चिकित्सक मौजूद था और न ही बायोमेडिकल कचरा निस्तारण की उचित व्यवस्था थी। नाराज सीएमओ ने नोडल अधिकारी को अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
सीएमओ ने बताया कि अस्पताल में 12 मरीज भर्ती मिले। इन सभी का इलाज एक बीयूएमएस चिकित्सक द्वारा किया जा रहा था। यहां कोई पंजीकृत पैरामेडिकल स्टाॅफ भी मौजूद नहीं था। सीएमओ ने बताया कि पूरे परिसर में गंदगी फैली थी और अनुपयोगी सामग्रियां अलग-अलग कमरों में रखी गई थीं। ऑपरेशन थिएटर में भी गंदगी थी और अनावश्यक गत्ते रखे हुए थे। उन्होंने यह भी बताया कि प्रथम तल पर जाने के लिए रैंप के पास खाली ग्लूकोज की बोतलें पड़ी हुई थीं। चिकित्सालय में डिस्प्ले ऑफ इंफॉर्मेशन (सूचना-प्रदर्शन बोर्ड) भी नहीं था। सीएमओ ने बताया कि इसके अलावा भी यहां कई खामियां मिली हैं, जिस पर उन्होंने नोडल अधिकारी को जांच कर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।