बाराबंकी। सीएम के दौरे को लेकर तैयारियों का जायजा लेते डीएम।
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शुक्रवार को कस्बे में महिला पॉलीटेक्निक का शिलान्यास करने आ रहे हैं। मुख्यमंत्री आगमन की तैयारी को लेकर पूरा प्रशासनिक अमला, मंत्री और विधायक बृहस्पतिवार को जुटे रहे। किसी प्रकार की कोई चूक न हो जाए इसलिए कार्यक्रम का पूर्वाभ्यास अधिकारियों द्वारा किया गया।
सुरक्षा की नजर से चप्पे-चप्पे पर पुलिस को तैनात किया गया है। इस कार्यक्रम में किसी प्रकार की गड़बड़ी न होने पाये, इसको लेकर मंत्री फरीद महफूज किदवई, अरविंद सिंह गोप, एमएलसी राजेश यादव, पूर्व विधायक राजरानी रावत, ब्लॉख प्रमुख अनिल वर्मा, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगे रहे।
इस दौरान किसी प्रकार की चूक न हो, इसको लेकर डीएम अजय यादव, एसपी अब्दुल हमीद, सीडीओ ऋषिरेन्द्र कुमार, डीडीओ अखिलेश कुमार सिंह ने हैलीपैड से लेकर कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री को ले जाने का पूर्वाभ्यास किया।
साथ ही हर एक पहलुओं को बारीकी से देखा और अधिकारियों को निर्देशित भी किया। कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री 483 लैपटॉप, 500 साइकिल, 100 ट्राईसाइकिल,15 ई रिक्शा का भी वितरण करेंगे। लैपटॉप प्राप्त करने वाले बच्चों के बैठने के लिए अलग व्यवस्था की गई है। सभी बच्चों के नाम से कुर्सियों पर पर्ची लगा दी गई है जिससे कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।