बाराबंकी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 16 सितंबर को जिले में आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। शहर के जीआईसी ऑडिटोरियम व हरख के युग निर्माण इंटर कॉलेज के समीप स्थित मैदान में सीएम के कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं।
उनके उड़नखटोले के उतरने के लिए हैलीपैड बनाने के साथ साफ-सफाई का काम भी शुरू हो गया है। वहीं रविवार को अवकाश के दिन कार्यालय खोलकर प्रशासनिक अमला तैयारियों में जुटा रहा।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रस्तावित स्थलों पर पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों की चहलकदमी रविवार को पूरे दिन दिखी। यहां साफ-सफाई के साथ मंच व लोगों के बैठने के इंतजाम को लेकर भी नापजोख की गई। वहीं कोविड-19 के प्रोटोकॉल के तहत कार्यक्रम को व्यवस्थित तरीके से कराने व सुरक्षा व्यवस्था का भी नक्शा तैयार किया गया।
विकास, पंचायतीराज व बाल विकास पुष्टाहार विभाग के कार्यों पर मुख्यमंत्री का विशेष ध्यान होने के कारण इनके कार्यालय रविवार को खोलकर हर बिंदु पर तैयारी होती दिखी। वहीं शहर में नगर पालिका परिषद तो हरख में खंड विकास अधिकारी की टीम कार्यक्रम स्थल की साफ-सफाई आदि व्यवस्था में जुटी दिखी।
एसडीएम सदर पंकज कुमार सिंह ने बताया कि शहर स्थित ऑडिटोरियम व हरख के युग निर्माण इंटर कॉलेज के समीप स्थित मैदान में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। दोनों जगहों पर हैलीपैड बनाए जाएंगे ताकि मुख्यमंत्री का चापर आसानी से उतर सके।