मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाढ़ पीड़ित इलाके हेतमापुर में सोमवार को पहुंच कर बाढ़ पीड़ितों से मिलेंगे। जिलाधिकारी अखिलेश तिवारी ने बताया कि आज कार्यक्रम स्थगित होने के बाद मुख्यमंत्री के कल का कार्यक्रम उसी तरह यथावत रखा गया है। सभी तैयारियां व सुरक्षा के इंतजाम जो आज किए गए थे, उन्हें उसी तरीके से मुस्तैद रहने के निर्देश दिए गए हैं। एनएसजी कमांडो भी सुरक्षा में मौजूद रहेंगे।
रविवार को ढाई बजे मुख्यमंत्री के आने की तैयारियां पूरी कर ली गई थी। भारी संख्या में सुरक्षा बल रात से ही तैनात हो गया था। सुबह 11 बजे के करीब मुख्यमंत्री के अचानक गोरखपुर जाने के बाद कार्यक्रम टल गया। हालांकि पूरे दिन पुलिस और प्रशासनिक अमला ड्यूटी पर डटा रहा।
शाम को जिलाधिकारी अखिलेश तिवारी ने बताया कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम आज के स्थान पर तय किया गया है। 14 अगस्त सोमवार को सीएम योगी आदित्यनाथ हेतमापुर के पास बने हैलीपैड पर उतरेंगे। वहां बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात कर उन्हें राहत सामग्री सौपेंगे।