सफेदाबाद। हिन्द मेडिकल कॉलेज में रविवार देर रात डॉक्टरों और एक मरीज के तीमारदारों के बीच हुई नोकझोंक के बाद जमकर हंगामा हुआ। यह घटना अस्पताल की इमरजेंसी में हुई। आरोप है कि हंगामा कर रहे तीमारदारों ने इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर से मारपीट तक की।
रविवार रात करीब एक बजे एक मरीज को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद अस्पताल की इमरजेंसी में लाया गया था। वहां तैनात डॉक्टर ने मरीज का कम होता ऑक्सीजन स्तर देख तुरंत आईसीयू में भर्ती करने की सलाह दी। इसे लेकर मरीज के साथ पहुंचे परिजन डॉक्टर से बहस करने लगे। जल्द ही यह बहस मारपीट में बदल गई। परिजनों पर डॉक्टर को पीटने और गाली-गलौज करने का आरोप है। हंगामा होता देख अस्पताल में मौजूद अन्य अन्य डॉक्टर व मेडिकल स्टॉफ भी मौके पर एकजुट होने लगा। यह देख तीमारदार मरीज को जबरन लेकर चले गए। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल है। कोतवाल अजय त्रिपाठी ने बताया कि दोनों पक्षों में से किसी ने भी घटना को लेकर कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई तय होगी। (संवाद)