बाराबंकी। कोर्ट के आदेश पर अवैध कब्जा हटाने पहुंची राजस्व टीम को देवा क्षेत्र में ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। इसकी सूचना पर दो थानों से पुलिस बल मौके पर पहुंचा और मामले को शांत कराया। जिला पंचायत सदस्य समेत तीन नामजद व कई अज्ञात के खिलाफ देवा कोतवाली में केस दर्ज कराया गया।
यह मामला देवा क्षेत्र के मित्तई का है। भगवंतनगर निवासी विजय कुुमार ने रास्ते से अतिक्रमण को हटवाने की गुहार न्यायालय में लगाई थी। उच्च न्यायालय ने प्रत्यावेदन निस्तारण की कार्रवाई करने का आदेश तहसील प्रशासन को दिया था। मगर, कोविड-19 के संक्रमण को लेकर विलंब होने पर न्यायालय ने नाराजगी जाहिर करते हुए अवमानना का नोटिस भेज दिया। इस पर तहसीलदार सदर विश्वमित्र सिंह की अगुवाई में राजस्व टीम सोमवार को जेसीबी लेकर अतिक्रमण हटाने पहुंचे। उनके साथ मित्तई चौकी की पुलिस भी थी। यह देख ग्रामीण नाराज हो गए और राजस्व टीम को बंधक बना लिया। इसकी सूचना मिलते ही देवा व कुर्सी थाने के पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराया। इसके बाद अवैध कब्जा हटाया गया। वा दिया। वहीं इस भूमि पर पक्का निर्माण कराने वाले चार लोगों पर धारा 67 की कार्रवाई की गई। राजस्व निरीक्षक व लेखपाल को बंधक बनाने व सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में जिला पंचायत सदस्य कैलाश, देशराज, राम कैलाश के साथ कई अज्ञात के खिलाफ देवा कोतवाली में केस दर्ज कराया गया।