बाराबंकी। सुल्तानपुर-लखनऊ हाईवे पर हैदरगढ़ में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई। इस हादसे में में महिला का पति व बेटा बाल-बाल बच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। चालक मौके से भाग निकला।
पुलिस के मुताबिक सोमवार को क्षेत्र के दांदूपुर गांव निवासी जगन्नाथ अपनी पत्नी रजकला (35) व पांच वर्षीय बच्चे को लेकर बाइक से अपने रिश्तेदार के घर पोखरा जा रहा था। हैदरगढ़ कस्बा में सुल्तानपुर हाईवे चौराहे पर तेज रफ्तार ट्रक ने जगन्नाथ की बाइक में टक्कर मार दी। बाइक पर पीछे बैठी रजकला गिर गई। ट्रक के पहिए के नीचे आ जाने से उसकी मौके पर मौत हो गई। महिला के पति व बच्चे को चोट नहीं लगी है। जानकारी होते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस बीच ट्रक छोड़कर चालक भाग निकला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया है। पुलिस के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।