बाराबंकी। जिले के पीएमश्री राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को अब किताबों के साथ तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा की व्यवहारिक जानकारी भी मिलेगी। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने इसके स्कूलों में विद्यार्थियों के लिए ड्रीम लैब स्थापित की हैं। यहां बच्चों को कंप्यूटर, रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस , ड्रोन, ऑटोमोबाइल और ईवी बैटरी तकनीक का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
जिला समन्वयक अखिलेंद्र सिंह ने बताया कि ड्रीम लैब स्थापित होने से छात्रों को स्किल डेवलपमेंट का अवसर मिलेगा। इससे उन्हें उच्चस्तरीय तकनीकी ज्ञान तो प्राप्त होगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को शहरों में प्रशिक्षण के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। वह गांव में रहकर ही स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ा सकेंगे।
सरकार का उद्देश्य है कि छात्र-छात्राओं को नवाचार और कंप्यूटर आधारित शिक्षा पर प्रशिक्षित किया जाए, जिससे वे भविष्य में रोजगार व स्वरोजगार की राह पर आगे बढ़ सकें।वर्तमान में पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कालेज बाराबंकी, पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कालेज हैदरगढ़, पीएमश्री राजकीय इंटर कालेज बरौली जाटा, पीएमश्री राजकीय इण्टर कालेज सूरतगंज में एटीएल टिंकरिंग लैब को स्थापित किया गया है। (संवाद)