बाराबंकी। टिकैतनगर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह बुखार से पीड़ित एक बच्चे की झोलाछाप के इलाज से मौत हो गई। पिता का आरोप है कि इंजेक्शन लगाते ही बच्चे की हालत बिगड़ गई थी। सूचना पाकर पुलिस पहुंची, मगर आरोपी फरार हो गया।
टिकैतनगर थाना क्षेत्र के घोड़वा बेलखरा गांव निवासी केशवराम के अनुुुसार उसके पुत्र विकास (6) को तीन-चार दिनों से बुखार आ रहा था। रविवार को वह उसे लेकर तीन किमी. दूर नियामतगंज में क्लीनिक चलाने वाले मुन्ना के यहां गए थे। मुन्ना ने कुछ दवाएं दीं और बच्चे को इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद उसका शरीर ऐंठने लगा और कुछ ही देर में बच्चे की मौत हो गई।
परिजनों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। मगर आरोपी झोलाछाप मौके से भाग गया था। केशवराम ने मामलेे की तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। टिकैतनगर थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।