बाराबंकी। करीब 10 माह पहले जिले को प्रथम चरण में तीन तथा दूसरे चरण में पांच कुल आठ डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसें मिली थी। लेकिन अंतरजनपदीय बस स्टेशन पर चार्जिंग की सुविधा न होने से बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है। सिर्फ दो डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसें लखनऊ अवध बस स्टेशन कमता से संचालित हो रही है।
शेष छह बसें धूप में खड़ी है और धूल खा रही है। अब चार्जिंग स्टेशन बनने का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है। उम्मीद है कि मई से इन बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। इससे यात्रियों को राहत मिलेगी।
एआरएम जमीला खातून ने बताया कि चार्जिंग स्टेशन के लिए 720 केवीए विद्युत कनेक्शन एवं संबंधित अन्य कार्यों के लिए पावर काॅर्पोरेशन द्वारा 2.36 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार किया गया था। धनराशि देने के बाद बिजली कनेक्शन का कार्य शुरू हुआ। अन्य कार्यों के लिए अलग से बजट आने के बाद टिन शेड का निर्माण शुुरू हुआ। अब यह कार्य अंतिम चरण में है।
एआरएम ने बताया कि चार्जिंग स्टेशन का कार्य जल्द ही पूरा हो जाएगा। चार्जिंग स्टेशन का कार्य पूर्ण होते ही डबल डेकर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन कराया जाएगा।