बाराबंकी। ऐतिहासिक देवा मेले को लेकर यातायात व्यवस्था में परिवर्तन करते हुए पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। इसमें केवल चार पहिया ही नहीं, बाइकों के लिए भी डायवर्जन व्यवस्था की गई है।
एसपी रवीना त्यागी ने सोमवार शाम रूट प्लान जारी करते हुए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी निर्धारित कर दी। यातायात प्रभारी रामयतन यादव ने बताया कि मेले की अवधि में हर साल मार्ग परिवर्तन किया जाता है। इसे लेकर बाराबंकी-देवा, देवा-कुर्सी व फतेहपुर-देवा मार्ग पर करीब 10 जगहों पर बैरियर लगाए जाएंगे।
जानिए किधर से आना-जाना है, किधर से नहीं
-बाराबंकी से देवा की ओर जाने वाले चार पहिया व दो पहिया वाहन शहर के निकट सोमैया नगर से जहांगीराबाद होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे।
- कुर्सी व फतेहपुर की ओर से बाराबंकी आने वाले वाहन भयारा मोड़ से दाहिने मुड़कर नरैनी गांव होते हुए कुर्सी रोड नहर पटरी से बाएं मुड़कर मामा नहर पुल के रास्ते बाराबंकी जा सकेंगे।
-माती की ओर से बाराबंकी शहर जाने वाले वाहन ग्वारी से पलिया मसूदपुर होते हुए सीधे बाराबंकी शहर पहुंच सकेंगे।
-मसौली की ओर से बाराबंकी आने वाले वाहन मसौली से भयारा होते हुए मलूकपुर से टेरा रसूलपुर से श्रीराम रिजॉर्ट के पास से बाराबंकी शहर की ओर जा सकेंगे।
यहां होगी वाहनों की पार्किंग
देवा शरीफ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं व वाहन चालकों के लिए पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। बाराबंकी और माती से देवा मेला जाने वाले वाहन के लिए पार्किंग व्यवस्था रायल सिटी छपरा से बाईं ओर सिपहिया रोड पर होगी जबकि फतेहपुर से देवा मेला जाने वाले वाहन के लिए पार्किंग स्थल डिडौरा में कांशीराम कॉलोनी के सामने व पुराना कोल्ड स्टोर के पास बनाया गया है। कुर्सी से देवा मेला जाने वाले वाहन के लिए कुर्सी पुल के पास व वर्मा मार्केट के पास पार्किंग स्थल होगा।