सिद्धौर बाराबंकी। नगर पंचायत सिद्धौर में स्वतंत्रता दिवस पर चेयरमैन प्रतिनिधि और सफाईकर्मियों का बीच हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। इसका खामियाजा साफ सफाई कार्य ठप हो जाने से आम लोगों को उठाना पड़ रहा है। मामले से आक्रोशित सफाई कर्मियों ने बुधवार को अभद्रता का आरोप लगाकर चेयरमैन प्रतिनिधि के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया। वहीं चेयरमैन भी इलाके की सफाई के लिए स्वयं हाथ में झाड़ू उठाकर साफ सफाई करती नजर आई। उन्होंने सार्वजनिक शौचालयों में लगे ताले भी तुड़वाकर बाहरी मजदूरों से इनकी साफ सफाई कराई।
चेयरमैन रमंता देवी के प्रतिनिधि लल्लू रावत ने सफाई नायक सागर को स्वतंत्रता दिवस पर साफ-सफाई करने के निर्देश दिए थे। बताते हैं कि जब 15 अगस्त को चेयरमैन प्रतिनिधि कार्यक्रम के लिए सीएचसी पहुंचे तो वहां सफाई नायक कुछ कर्मचारियों से घास कटवा रहा था। इस पर उन्होंने नाराजगी जताई। चेयरमैन ने बताया कि इस दौरान सफाई नायक ने नगर पंचायत में रखा मैलाथियान पाउडर लाकर कार्यक्रम स्थल के आसपास डाल दिया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद लोगों ने पाउडर के कारण उठी दुर्गंध की शिकायत चेयरमैन प्रतिनिधि से की। इसे लेकर प्रतिनिधि ने नाराजगी जताते हुए सफाई नायक की फटकार लगा दी। इसी बात से नाराज सफाई नायक ने चेयरमैन प्रतिनिधि पर अभद्रता का आरोप लगाकर सफाई कर्मियों से कार्य बहिष्कार करा कर नगर पंचायत के सार्वजनिक शौचालयों पर भी ताला जड़वाने के बाद पानी टंकी परिसर में धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
बुधवार को धरने के दूसरे दिन चेयरमैन रमंता देवी ने खुद झाड़ू उठाकर क्षेत्र में साफ सफाई का कार्य किया। साथ ही नगर पंचायत में बने 12 सार्वजनिक शौचालयों में पड़े ताले भी खुलवाकर बाहरी श्रमिकों से वहां की सफाई करवाई। चेयरमैन का कहना है नगर पंचायत प्रशासन की लापरवाही के कारण ही कार्यरत सफाई कर्मचारी पूरी तरह निरंकुश हो चुके हैं।