बाराबंकी। जिले में जनगणना को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। पहले चरण का प्रशिक्षण पूरा हो गया है। दूसरे चरण के प्रशिक्षण की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसके लिए 110 प्रशिक्षित ट्रेनरों को लगाया गया है जो इसी सप्ताह कार्मिकों को प्रशिक्षण देंगे। यह प्रशिक्षण सभी तहसीलों में दिए जाएंगे। इस बार की जनगणना पूरी तरह से पेपरलेस और डिजिटल होगी।
जिले में जनगणना का कार्य 22 मई से शुरू होगा और यह 20 जून तक चलेगा। शासन ने जिलाधिकारी को प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी तथा एडीएम को जिला जनगणना अधिकारी बनाया गया है। एडीएम निरंकार सिंह बताते हैं कि इस बार की जनगणना में पेपर का नहीं बल्कि मोबाइल पर एचएलओ एप का प्रयोग किया जाएगा यह एप बिना नेटवर्क के कार्य करेगा। इस कार्य के लिए जिले में 8526 सुपरवाइजर और प्रगणक लगाए गए हैं। 110 ट्रेनर प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं और अब यह इसी सप्ताह से प्रशिक्षण देंगे कि उन्हें 33 प्रकार के सवालों को मोबाइल एप पर किस तरह से अपलोड करना है।
उन्होंने बताया कि आमजन अपनी मतगणना का विवरण 7 मई से 22 मई के बीच एप पर अपलोड कर सकता है। इसके लिए अपने मोबाइल पर गूगल पर जाकर विभाग की वेबसाइट पर पूरा विवरण दर्ज करा सकते हैं। जैसे ही व्यक्ति अपनी लोकेशन डालेगा तो पूरी प्रक्रिया आगे बढ़ती जाएगी और सब्मिट का बटन दबाते ही उसकी प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
बाक्स
यह हाेंगे 33 सवाल
भवन नंबर, जनगणना मकान नंबर, मकान के फर्श में प्रयुक्त प्रमुख सामग्री, दीवार में प्रयुक्त प्रमुख सामग्री, मकान की छत में प्रयुक्त प्रमुख सामग्री, जनगणना मकान के उपयोग, जनगणना मकान की हालत, परिवार क्रमांक, परिवार में रहने वाले सामान्यत: सदस्यों की कुल संख्या, परिवार के मुखिया का नाम, परिवार के मुखिया का लिंग, क्या परिवार का मुखिया अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या अन्य से संबंधित है।
मकान के स्वामित्व की स्थिति, परिवार के पास रहने के लिए उपलब्ध कमरों की संख्या, परिवार में रहने वाले विवाहित दंपतियों की संख्या, पेयजल का मुख्य स्रोत, शौचालय की सुलभता, शौचालय का प्रकार, गंदे पानी की निकासी, स्नानगृह की उपलब्धता, रसोई घर, एलपीजी और पीएनजी कनेक्शन की उपलब्धता, खाना पकाने के लिए प्रयुक्त मुख्य ईंधन, रेडियो/ ट्रांजिस्टर, टेलीविजन, इंटरनेट सुविधा, लैपटॉप/ कंप्यूटर, टेलीफोन/मोबाइल फोन/ स्मार्टफोन, साइकिल/स्कूटर/ मोटरसाइकिल/ माेपेड, कार/जीप/वैन, परिवार द्वारा उपभोग किया जाने वाला मुख्य अनाज, मोबाइल नंबर (केवल जनगणना संबंधी संसूचना के लिए)।