त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। अभिलेखों में फर्जीवाड़ा करके मृतक के बैंक खाते से रुपये निकालने के आरोपी बैंक कैशियर को पुलिस ने जेल भेजा है।
उप महाप्रबंधक डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव बैंक बाराबंकी रेनू कुशवाहा की शिकायत पर लोनीकटरा पुलिस रिपोर्ट दर्ज करके आरोपी की तलाश कर रही थी। मंगलवार को लोनीकटरा पुलिस ने बैंक शाखा त्रिवेदीगंज में कैशियर रहे राहुल वर्मा निवासी सूर्यनगर थाना पारा जिला लखनऊ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
एसओ दुर्गा प्रसाद शुक्ला ने बताया कि क्षेत्र के जस्कापुर निवासी रामशंकर के खाते से 98 हजार रुपये निकाले गए थे। मृतक के पुत्र राजेश वर्मा की शिकायत पर विभागीय जांच में मामला सही पाया गया था।
इस पर 22 दिसंबर 2020 को डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव बैंक उप महाप्रबंधक प्रशासनिक की शिकायत पर पुलिस ने सरकारी अभिलेखों में हेराफेरी कर धन हड़पने सहित अन्य संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। जिसके बाद आरोपी को मंगलवार की सुबह मंगलपुर चौराहे से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। (संवाद)