जैदपुर (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र में शिकायत से नाराज प्रधान के पति ने दो लोगों के साथ मिलकर ग्राम पंचायत सदस्य की पिटाई कर दी। विरोध करने पर उसकी मां को भी पीटा और एक लाख रुपये की नकदी भी लूट ली। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों पर मारपीट व लूट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम पंचायत अंदका के पंकज कुमार ग्राम पंचायत सदस्य हैं। इनकी मां रामदुलारी पटेल ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि पंकज ने मनरेगा से कराए जा रहे विकास कार्यों में प्रधान पर धांधली करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की थी। इससे नाराज होकर सात अक्तूबर को जनसेवा केंद्र से लौटते समय पंकज कुमार को प्रधान अनीता वर्मा के पति हरिओम, जेठ फतेहबहादुर व मनरेगा मेट के पति राजू ने रोक लिया और उसकी पिटाई कर दी।
बीचबचाव करने पहुंचीं रामदुलारी को भी विपक्षियों ने पीट दिया। साथ ही पंकज के पास मौजूद एक लाख रुपये भी छीन लिए। थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि हरिओम, फतेहबहादुर व राजू के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।