बाराबंकी। थाना जहांगीराबाद में बाइक पीआरवी पर तैनात सिपाही व होमगार्ड में मारपीट मामले में एसपी यमुना प्रसाद ने सिपाही को निलंबित कर दिया है। वहीं इस मामले में होमगार्ड के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
जहांगीराबाद थाने की पीआरवी बाइक पर सिपाही अनुज लाल अपने साथी होमगार्ड राधेश्याम वर्मा के साथ ड्यूटी पर 19 फरवरी को तैनात था। तभी दोनों के बीच किसी मामूली बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसी बीच होमगार्ड राधेश्याम वर्मा ने गुस्से में आकर किसी नोकदार हथियार से सिपाही अनुज पर हमला बोल दिया जिससे अनुज की आंख में गंभीर चोट आई है।
अनुज ने आंख में गंभीर चोट लगने की शिकायत थाने में की थी। इस पर पुलिस ने होमगार्ड के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। वहीं 20 फरवरी को पीड़ित सिपाही एसपी से मिलने कार्यालय गया हुआ था लेकिन वहां ड्यूटी कर रहे पुलिस कर्मी ने समझा कर वापस लौटा दिया। इसके बाद देर रात पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने घायल सिपाही को ही निलंबित कर दिया।
पीड़ित सिपाही को निलंबित किए जाने से उसको काफी सदमा है। सीओ सिटी सीमा यादव ने बताया कि मामले में होमगार्ड के खिलाफ केस दर्ज है जबकि कप्तान द्वारा सिपाही को निलंबित किया गया है। पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई होगी।