बाराबंकी। जिले में काफी समय से क्षतिग्रस्त पड़े करीब 198 पुल और पुलियों का जीर्णोद्धार कराया जाएगा। शासन ने इसके लिए दो करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री ने रविवार केे वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से इसका उद्घाटन किया।
अधिशासी अभियंता सिंचाई राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि जिले में करीब 198 पुल और पुलिया ऐसी हैं जो काफी समय से क्षतिग्रस्त पड़ी हैं। किसी की रेलिंग टूटी हुई है तो किसी की मरम्मत होनी है। शासन से मिले निर्देशों के बाद अभियान चलाकर ऐसे पुल व पुलियों को चिह्नित कर सूची शासन को भेज दी गई थी। इसके लिए करीब 2 करोड़ रुपये की राशि की भी मांग की गई थी।
उन्होंने बताया कि रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से इसका विधिवत उद्घाटन लखनऊ से किया गया। उन्होंने बताया कि उद्घाटन किए जाने के बाद जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर इन पुल और पुलियों के जीर्णोद्धार का काम आरंभ करा दिया जाएगा।
इन पुल व पुलियों के बन जाने से जहां आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं पर काफी हद तक अंकुश लग सकेगा वहीं लोगों को आवागमन में हो रही असुविधाओं से भी निजात मिल सकेगी। इस दौरान एनआईसी में डीएम डॉ. आदर्श सिंह, सीडीओ एकता सिंह व अधिशासी अभियंता बाढ़ शशिकांत सिंह मौजूद रहे।