हरियाणा से पेशी से लौट रहे शामली जिले के शातिर अपराधी के पुलिस अभिरक्षा से भागने के मामले में आरोपी समेत नौ पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। हालांकि अभी तक किसी पुलिसकर्मी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। वहीं मामले में जांच के लिए शनिवार को एक पुलिस टीम हरियाणा के करनाल को रवाना हुई है।
सिद्धार्थनगर जेल में बंद शामली जिले के जंधेणी कैराना निवासी शातिर बदमाश साबिर पुत्र हासिम शनिवार की रात हरियाणा से पेशी से लौटते समय जैदपुर थाना क्षेत्र में हाईवे पर निबहा स्थित एक ढाबे से पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भाग निकला था।
इस मामले में लापरवाही बरतने पर आरोपी की सुरक्षा में तैनात रहे पुलिसकर्मी पुलिस लाइन सिद्धार्थनगर में तैनात दरोगा राजकिशोर यादव, सिपाही दिनेश यादव, रामअलख यादव, सत्यप्रकाश यादव, दुर्गेश यादव, रमाकांत चौधरी, राजेश यादव, जगनरायन व मनीराम समेत साबिर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
ये सब पुलिस वैन से आरोपी को सिद्धार्थनगर लेकर जा रहे थे। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस टीम लगी है लेकिन अभी तक उसका पता नहीं लग सका है।
आरोपी साबिर के फरार होने के बाद जैदपुर थाने की एक पुलिस टीम हरियाणा के करनाल जनपद के लिए रवाना की गई है। बताया जा रहा है कि साबिर की पेशी करनाल में थी और उसे भागने की कहानी भी वहीं से रची गई है। ऐसे में पुलिस मामले की जांच के लिए वहां भेजी जा रही है।
साबिर पर दर्ज हैं तीन दर्जन मुकदमे
पुलिस की मानें तो शामली जिले के शातिर बदमाश साबिर एक साल पहले वहां से सिद्धार्थनगर जेल भेजा गया था। साबिर पर तीन दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं और उस पर डेढ़ लाख का इनाम भी घोषित किया गया था।
शामली का शातिर बदमाश भागने के मामले में नौ पुलिसकर्मी व आरोपी बदमाश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। एक पुलिस टीम हरियाणा भेजी गई है। पुलिस आरोपी की तलाश में लगी है। -शफीक अहमद, प्रभारी एसपी