गुरुवार को नगर पालिका परिषद समेत सभी निकायों के अध्यक्ष पद पर 60 व सभासद पद पर 300 नामांकन पत्र दाखिल किए गए। भाजपा, सपा, कांग्रेस व बसपा के घोषित प्रत्याशियों ने जुलूस निकाल कर नामांकन करने पहुंचे।
सभी दलों ने आचार संहिता की जमकर धज्जियां उड़ाईं। सड़कों पर लोग जाम से जुझते रहे और जनता को सभी सुविधाएं मुहैया कराने वाले समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन करते रहे। प्रशासन व पुलिस के जिम्मेदार मुुकदर्शक बने रहे।
गुरुवार को नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सीट पर भाजपा प्रत्याशी शशि श्रीवास्तव ने सांसद प्रियंका सिंह रावत व जैदपुर विधायक उपेंद्र रावत समेत पार्टी के जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव, किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री सुधीर कुमार सिंह सिद्धू व हरगोविन्द सिंह, केदार बक्श सिंह तथा संतोष कुमार सिंह के साथ भारी भरकम जुलूस के साथ नामांकन स्थल पहुंच कर नामांकन पत्र दाखिल किया। छाया स्थित पार्टी कार्यालय से निकाला यह जुलूस आचार संहिता की सारे हदों को पार करते हुए नामांकन स्थल पहुंचा।
जिले की तेजतर्रार शिक्षक संघ की अध्यक्ष व कांग्रेस पार्टी की उम्मीदवार नीता अवस्थी जिलाध्यक्ष अमरनाथ मिश्र, इन्दिरा पुनिया, तनुज पुनिया, सरजू शर्मा सहित पार्टी के कई अन्य कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ ओबरी स्थित सांसद पीएल पुनिया के आवास से निकल कर जुलूस के रुप में नामांकन स्थल पहुंची और अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। पीएल पुनिया जिंदाबाद, राहुल गांधी जिंदाबाद के नारों के बीच नामांकन करने पहुंची नीता अवस्थी ने रिटर्निंग आफिसर विनोद कुमार शर्मा को अपना नामांकन पत्र सौंपा।
बसपा प्रत्याशी अनीता गुप्ता पार्टी पदाधिकारियों व समर्थकों के साथ जुलूस के रुप में नामांकन स्थल पहुंचकर दूसरे सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया। अनीता गुप्ता ने इसके पूर्व शांतिपूर्ण माहौल में एक सेट में नामांकन पत्र दाखिल किया था। शहर के फैजुल्लागंज पार्क से निकले इस नामांकन जुलूस में पार्टी के जिलाध्यक्ष केके रावत, अधिवक्ता आरपी सिंह, पंकज गुप्ता समेत पार्टी के कई पदाधिकारी व व्यापारी वर्ग के तमाम लोग शामिल हुए। पैदल मार्च के साथ शहर के मुख्य मार्गो से होते हुए नामांकन स्थल पहुंचे।
सपा प्रत्याशी श्रीमती आज दूसरी बार नामांकन पत्र दाखिल किया। गुरुवार को वह अपने सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों के साथ आचार संहिता का खुला उल्लंघन के साथ जुलूस की शक्ल में आकर दूसरे सेट में नामांकन पत्र जमा किया। छाया चौराहा स्थित पार्टी कार्यालय से निकला यह जुलूस शहर के मुख्य मार्गो से होता हुआ तहसील परिसर पर पहुंचा। जिलाध्यक्ष डॉ. कुलदीप सिंह, वरिष्ठ सपा नेता धर्मेंद्र यादव, पूर्व सांसद रामसागर रावत, पूर्व कारागार मंत्री राकेश वर्मा, एमएलसी राजेश यादव के साथ पहुंची प्रत्याशी श्रीमती ने अपना नामांकन पत्र सौंपा।