यूपी बोर्ड परीक्षा आज से शुरू हो रही है। केंद्रों पर परीक्षा की तैयारियां देर शाम तक चलती रहीं। कक्षों की सीटिंग प्लान तय कर उन पर रोल नंबर के लिहाज से डेस्क स्लिप भी चस्पा कर दी गई। कक्षा कक्षों का प्लान भी कक्ष के बाहर ही चस्पा किया जा चुका है।
इस बार कुल 128 केंद्रों पर 75761 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इसमें भी कई परीक्षा केंद्र ऐसे हैं जहां बच्चों के बैठने के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं तो कुछ परीक्षा केंद्र 25 किमी. दूर बना दिए गए हैं, जिससे छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
देर शाम तक होती रही व्यवस्था
परीक्षा केंद्र सिटी इंटर कॉलेज, दोपहर करीब सवा दो बजे। परीक्षा कक्षों में एक ओर से ताले लगे हुए थे। कार्यालय में शिक्षक व कर्मचारी परीक्षा की तैयारी में पूरी शिद्दत से लगे हुए थे। शिक्षक कमरों के बाहर चस्पा करने के लिए परीक्षार्थियों की लिस्ट रोल नंबर के मुताबिक बना रहे थे।
पूछने पर प्रभारी प्रधानाचार्य नीरज कुमार चौधरी व वरिष्ठ शिक्षक विजय प्रताप सिंह ने बताया कि कक्षा में सीटिंग प्लान पूरा है। इस लिए उसे बंद कर दिया गया है। इसके बाद उन्होंने कक्षों को खोल कर दिखाया। कक्षों के सामने अस्थाई यूरेनल बनवाए जो रहे थे।
इस केंद्र के चारों ओर बाउंड्रीवाल नहीं होने से भी स्थानीय लोगों का आवागमन बना रहता है। नीरज चौधरी बताया कि कॉलेज के दोनों ओर सुरक्षाकर्मी की ड्यूटी रहती है। उधर, केंद्र पायनियर हाईस्कूल छाया चौराहा पर ही भी कक्षों में सीटिंग प्लान की तैयारी चल रही थी।
दूर सेंटर वाले परीक्षाथियों को होगी समस्या
बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल की परीक्षा सुबह साढ़े सात बजे से शुरू हो जाती है। लेकिन अधिकारियों की लापरवाही से कई विद्यालयों के केंद्र करीब 25 किमी. दूरी पर बना दिए गए हैं। जिससे बालक व बालिका परीक्षार्थियों को खासी परेशानी उठानी होगी।
बीएलबी सिद्धौर के हाईस्कूल का सेंटर झाबेर बा पटेल इंटर कॉलेज बाराबंकी नगर भेजा गया है। दोनों कॉलेजों की दूरी करीब 27 किमी है। राजकीय हाईस्कूल हसनपुर टांडा का सेंटर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री लल्लाजी स्मारक कन्या उमावि मोहम्मदपुर खाला भेजा गया है।
दोनों कॉलेजों के बीच दूरी करीब 20 किमी है। इसी तरह जीआईसी सूरतगंज के हाईस्कूल परीक्षार्थियों को बीस किमी दूर प्रशांत इंटर कॉलेज रामनगर में भेजा गया है। इन केंद्रों पर पहुंचने के लिए सीधा साधन भी उपलब्ध नहीं है। ऐसे में परीक्षार्थियों को खासी परेशानी उठानी होगी।
128 केंद्रों पर 75761 परीक्षार्थी
यूपी बोर्ड परीक्षा में इस बार 128 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें हाईस्कूल व इंटर के 75761 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इनमें हाईस्कूल के 42 हजार 988 परीक्षार्थी शामिल हैं। वहीं, रोल नंबर देखने व जानने के लिए परीक्षार्थियों की भीड़ परीक्षा केंद्रों के बाहर शाम चार बजे से लगनी शुरू हो गई।
वर्जन
परीक्षा केंद्रों पर तैयारी पूरी है। जिन विद्यालयों का परीक्षा केंद्र काफी दूर बना है। उसमें अब कुछ नहीं हो सकता है। परीक्षा शुचितापूर्ण कराई जाएगी। सुरक्षा के लिए लिहाज से केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
-रामशरण सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक