बाराबंकी। बहरौली रजबहा की पटरी कटने आसपास की 80 बीघा गेहूं व सरसों की फसल जलमग्न हो गई। खेतों में सिल्ट भी जमा हो गई। सूचना पर पानी रोक कर सिंचाई विभाग के कर्मचारी पटरी को ठीक करा रहे हैं। किसानों का आरोप है कि सफाई में लापरवाही के चलते पानी छोड़े जाते ही नहर उफनाने लगी।
रजबहा की पटरी दहिला स्कूल के पास बुधवार देर शाम कटी। किसानों के मुताबिक पानी छोड़े जाने के साथ ही नहर उफनाने लगी थी। नहर का पानी पास के आयुर्वेदिक अस्पताल, पूर्व माध्यमिक विद्यालय व बीआरसी परिसर में पानी भर गया। पटरी कटने से आसपास के खेत जलमग्न हो गए। काफी मात्रा में बालू भी भर गई। बबलू, अशोक, बलराम, श्यामलाल, अरुण, राजेश, पुतान, संदीप, विमलेश, बृजेंद्र, नौमीलाल, दयाराम, जुम्मन सहित कई किसानों की करीब 80 बीघा गेहूं व सरसों की फसल को नुकसान हुआ है। किसानों का आरोप है कि नहर से सिल्ट निकालने में लापरवाही की गई। पूरी तरह बालू निकाले बिना ही पानी छोड़े जाने से नहर उफानाने लगी। सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता पुष्कर वर्मा ने बताया कि सूचना पर नहर का पानी बंद कर पटरी को ठीक कराया जा रहा है। बजट की कमी के कारण पूरी नहर साफ नहीं कराई जा सकी है।