बाराबंकी। कोरोना जांच के लिए बृहस्पतिवार को जिले की बस्तियों में शिविर लगाए गए। इस दौरान 1422 लोगों की जांच की गई। कोविड-19 के नोडल एसीएमओ डॉ. केएनएम त्रिपाठी ने बताया कि मलिन बस्तियों में शिविर लगाए जाने के लिए जिला मुख्यालय पर चार और15 ब्लॉकों में एक-एक टीमें लगाई गई हैं। जिले में 19 टीमें ने 1422 लोगों की कोरोना की जांच की। प्रतिदिन करीब सात सौ लोगों की कोरोना की जांच की जाती है लेकिन शासन के आदेश पर मलिन बस्तियों के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके लिए जिला अस्पताल, जिला महिला अस्पताल और सीएमओ कार्यालय की दो टीमों को शहर की मलिन बस्तियों में जांच करने के लिए लगाया गया है।
13 और मिले कोरोना पॉजिटिव
बाराबंकी। जिले में कोरोना के 13 और पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से ज्यादातर को होम आइसोलेशन में रखा गया है। उधर 10 लोग स्वस्थ हुए हैं। बृहस्पतिवार देर शाम आई जांच रिपोर्ट के अनुसार जिले के त्रिवेदीगंज के ककरी में दो, खेमीपुर, टिकैतगंज के सुल्तानपुर, मोहनपुर, अग्रवाल हेल्थ सेंटर हैदरगढ़, मिहीपुरवा भिटौली, गुलरियागार्दा, लखपेड़ाबाग, बाल विहार कॉलोनी, सिविल लाइन, दीनदयालनगर व अन्य स्थान पर एक-एक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इनमें से ज्यादातर को होम आइसोलेशन में रखा गया है। 10 लोगों के पूरी तरह से स्वस्थ होने के बाद उन्हें अस्पताल से घर भेज दिया गया है।