बाराबंकी। दिन भर जाम की परेशानी से जूझने वाले दरियाबाद व टिकैतनगर कस्बों के लोगों को जल्दी इस परेशानी से छुटकारा मिलेगा। इसके लिए 50 करोड़ के खर्च से दो हाईवे को जोड़ने वाले मार्ग पर बाईपास का निर्माण होगा। इसके साथ ही रामनगर-सआदतगंज-मुश्काबाद मार्ग को भी लकदक बनाया जाएगा। इससे करीब तीन लाख की आबादी का सफर सुगम बन सकेगा। प्रस्तावित कार्ययोजना के लिए शासन ने 6.58 करोड़ रुपये जारी किए हैं।
इसके तहत दरियाबाद बाईपास के लिए 2.2 करोड़, टिकैतनगर के लिए 2.26 करोड़ व तीसरी सड़क के लिए 2.12 करोड़ रुपये की खर्च धनराशि लोकनिर्माण विभाग को मिली है। लोक निर्माण विभाग ने बाईपास निर्माण के लिए 150 से अधिक भूखंडों को अधिग्रहण के लिए चिह्नित किया है। अब इनके अधिग्रहण के लिए रजिस्ट्री कराने की प्रक्रिया को पूरा कराया जा रहा है। इस प्रोजेक्ट के लिए करीब छह सौ भूमि स्वामियों की जमीनों का अधिग्रहण होगा। लोक निर्माण विभाग ने बाईपास के साथ नई सड़क का निर्माण कार्य नए साल तक पूरा करने का भरोसा जताया है। क्षेत्रीय विधायक व राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा की मांग पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रस्तावित कार्ययोजना को मंजूरी देने के साथ ही बजट राशि निर्गत की है।
नगर पंचायत टिकैतनगर की आबादी करीब 20 हजार है। यहां पर 3.300 किलोमीटर लंबे बाईपास निर्माण पर करीब 22 करोड़ रुपये की धनराशि खर्च होगी। घनी आबादी वाला कस्बा टिकैतनगर कारोबार की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। यह बाईपास दुलहदेपुर से बारिनबाग रोड तक बनेगा। इसके बन जाने से यहां दिन भर होने वाली जाम की परेशानी से पूरी तरह छुटकारा मिल सकेगा।
अंग्रेजोें के जमाने में जिला रहे कस्बा दरियाबाद की आबादी करीब 35 हजार है। यहां पर करीब तीन किमी लंबे बाईपास के निर्माण पर पर करीब 13 करोड़ रुपये खर्च हाेंगे। यह बाईपास मथुरानगर से खूबा का पुरवा गांव तक बनेगा। इससे दरियाबाद कस्बे में प्रवेश किए बिना सीधे अयोध्या जाना आसान बनेगा। लोेक निर्माण विभाग यहां 63 गाटा संख्या अधिग्रहण कर चुका है। इनमें से 16 की रजिस्ट्री हो चुकी है। इससे करीब एक लाख लोगों को सीधा फायदा मिलेगा।
टिकैतनगर व दरियाबाद बाईपास की सौगात नए साल में मिलेगी। भूमि अधिग्रहण करने के लिए रजिस्ट्री की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। तीनों ही परियोजनाओं पर 50 करोड़ से अधिक की धनराशि खर्च होगी। इसमें से 6.58 करोड़ की राशि खर्च के लिए शासन ने जारी कर दी है।