बाराबंकी। नगर पंचायत बंकी के अध्यक्ष पद के लिए मंगलवार को डाले गए मतों की गिनती का कार्य बृहस्पतिवार को होगा। नवाबगंज तहसील सभागार में होने वाली मतगणना में 11 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा। इसको लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतों की गिनती के लिए 16 कर्मचारियों को लगाया जाएगा। मतगणना चार टेबलों पर होगी।
बंकी नगर पंचायत अध्यक्ष रहीं अंशू सिंह के निधन के चलते रिक्त हुई सीट पर मंगलवार को मतदान हुआ था। 23 बूथों पर हुए मतदान की गुरुवार को नवाबगंज तहसील में मतगणना होगी। नगर पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पाने के लिए मतपेटियों में कैद 11 प्रत्याशियों की किस्मत का बृहस्पतिवार फैसला होगा। मतगणना के लिए चार टेबल लगाई जाएगी। जिस पर 16 कर्मचारी मतों की गिनती करेंगे। निष्पक्ष मतगणना के लिए कई जिम्मेदार अधिकारियों को निगरानी रखने के लिए तैनात किया गया है।
मतगणना सुबह आठ बजे से शुरु होगी। उम्मीद जताई जा रही है कि दोपहर बाद परिणाम सामने आ जाएगा। बुधवार को हुए चुनाव में 39.59 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस संबंध में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। मतगणना सुबह आठ से प्रारंभ होगी। चार टेबलों पर मतों की गिनती के लिए 16 कर्मचारी लगाए गए हैं।