कोटवाधाम। ठंड के साथ ही अगले माह छह जनवरी को मनाए जाने वाले सकट चौथ पर्व के कारण गुड़ व लइया के दाम आसमान छूने लगे हैं। सकट पर्व के नजदीक आने के साथ ही बाजार में पूजन सामग्री और फलाहार से जुड़ी वस्तुओं की मांग भी बढ़ने लगी है। इसके चलते ही पर्व में इस्तेमाल होने वाली गुड़, तिल, लइया, चना और रामदाना सहित अन्य सामग्री के भाव में तेजी आई है।
सकट चौथ का व्रत महिलाएं संतान की लंबी आयु व सफलता के लिए पूरे श्रद्धा-भाव से करती हैं। इस अवसर पर गुड़, तिल, लइया, चना, मक्का और रामदाना से लड्डू तैयार कर भगवान गणेश को भोग लगाया जाता है। ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर लड्डू बनाने की तैयारियां शुरू हो गई हैं, जिससे इन सामग्रियों की मांग तेजी से बढ़ने लगी है। इस कारण बाजार में जो गुड़ कुछ दिन पहले 40 रुपये प्रति किलो बिक रहा था, वह अब 45 से 50 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। तिल के दाम भी पहले जहां 80 से 90 रुपये किलो थे, वहीं अब 100 से 120 रुपये किलो तक बिक रहे हैं।
इसी तरह 40 से 45 रुपये किलो मिलने वाली लइया के दाम बढ़कर 50 से 55 रुपये किलो हो गए हैं। गुड़ व्यापारी नूर मोहम्मद ने बताया कि ठंड के साथ ही सकट चौथ के दौरान गुड़ की मांग बढ़ जाती है, क्योंकि पूजा के साथ ही लोग ठंड में गुड़ से बनी सामग्री का सेवन करना पसंद करते हैं।