रामनगर (बाराबंकी)। बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर बुधवार सुबह गोंडा डिपो की बस मलीहामऊ गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। बारिश के दौरान यह हादसा हुआ। बस में सवार 34 यात्रियों को हल्की चोट आई है जबकि गोंडा की शांति गुप्ता (35) गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार लखनऊ के कैसरबाग से सवारियां लेकर गोंडा जा रही गोंडा डिपो की बस का संतुलन बारिश के दौरान मलीहामऊ गांव के पास बिगड़ गया। अनियंत्रित होकर बस खाई में पलट गई। इससे अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को बस से बाहर निकलने में मदद की।
लगभग सभी यात्रियों को कुछ न कुछ चोट आई है मगर शांति गुप्ता (35) गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य के लिए रवाना किया। शांति गुप्ता को सीएचसी रामनगर में भर्ती कराया गया।
इसके बाद बस को क्रेन की मदद से खाई से बाहर निकाला गया। रामनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि बस में 35 यात्री सवार थे, सिर्फ एक महिला को अस्पताल ले जाया गया।