केंद्र सरकार द्वारा आम बजट में सराफा कारोबार पर लगाए गए एक प्रतिशत उत्पाद कर के विरोध में चल रही सराफा कारोबारियों की हड़ताल लगातार 21वें दिन मंगलवार को भी जारी रही।
शहर में प्रदर्शन कर रहे सराफा व्यापारियों ने पीएम नरेंद्र मोदी व केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सराफा व्यापारियों ने कहा कि उनकी होली इस बार बदरंग हो चुकी है और सभी सरकार के विरोध में काला दिवस मना रहे हैं।
कारोबार पर केेंद्र सरकार द्वारा लगाए गए एक प्रतिशत उत्पाद कर के विरोध में लगातार हड़ताल पर डटे सराफा व्यापारियों ने मंगलवार को शहर की सड़कों पर निकलकर विरोध प्रदर्शन किया। सराफा व्यापारियों पीएम नरेंद्र मोदी व वित्तमंत्री जेटली हाय, हाय व मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए अपना आक्रोश प्रकट किया।
सराफा कमेटी के जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सोनी ने कहा कि हम लोगों का होली का त्यौहार केंद्र की भाजपा सरकार ने बदरंग कर दिया है। उन्होंने कहा कि व्यापारी तब तक शंात नहीं होगा, जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जाती है।
जिला महामंत्री अनिल रस्तोगी ने कहा कि केंद्र की सरकार सराफा व्यापारियों का लगातार उत्पीड़न कर रही है लेकिन व्यापारी भी चुप नहीं रहेंगे और अपना हक वापस लेंगे। व्यापारियों ने शहर में विभिन्न मार्गों पर काले झंडे लेकर विरोध प्रदर्शन किया व काला दिवस मनाने की बात कही।
इस मौके पर सुनील त्रिवेदी, विकास गुप्ता, शशी शेखर, आशीष गुप्ता, संदीप बाथम, मनमोहन गुप्ता, राजू समेत सैकड़ों की संख्या में व्यापारी मौजूद रहे। वहीं जिले के ग्रामीण इलाको देवा, फतेहपुर, रामनगर, हैदरगढ़, रामसनेहीघाट, बदोसराय, सआदतगंज आदि जगहों पर भी सराफा व्यापारियों की हड़ताल जारी रही।