बाराबंकी। श्री लोधेश्वर महादेव की पावन तीर्थ नगरी महादेवा में प्रस्तावित भव्य कॉरिडोर के निर्माण ने अब रफ्तार पकड़ ली है। महादेवा काॅरिडोर निर्माण में बाधा बन रहे 28 मकानों पर सोमवार को बुलडोजर चलेगा।
शनिवार को एसडीएम आनंद तिवारी ने अन्य अधिकारियों के साथ लोधेश्वर महादेव क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व विभाग की टीम और लेखपाल को स्पष्ट निर्देश दिए कि सोमवार से ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाए। प्रशासन ने दो दिन पहले ही मकान मालिकों को घर खाली करने की चेतावनी दे दी थी।
उम्मीद जताई जा रही है कि मई महीने के अंत तक कॉरिडोर की भूमि पर मौजूद सभी अवरोधों को ध्वस्त कर दिया जाएगा। महादेवा में कॉरिडोर का निर्माण मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस परियोजना के पूरा होने से श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी।
एसडीएम ने बताया कि अधिकांश मकानों की रजिस्ट्री पर्यटन विभाग के पक्ष में पहले ही हो चुकी है और उन्हें गिराया भी जा चुका है। जो कुछ मकान बचे थे, उनका मामला न्यायालय में विचाराधीन था, जिन मकानों के मामले अभी कोर्ट में हैं, उन्हें शासन के निर्देशानुसार सोमवार को खाली करवाया जाएगा। अदालत का जो भी फैसला आएगा, उसके आधार पर मुआवजे की राशि सीधे संबंधित व्यक्ति के खाते में भेज दी जाएगी।