बाराबंकी। जनता की सबसे बुनियादी जरूरतों में से एक है सड़क, लेकिन जिले में कई मार्ग जिम्मेदारों की लापरवाही की भेंट चढ़ चुके हैं। आज भी गड्ढों, उखड़ी गिट्टियों और अधूरे निर्माण की कहानी कह रहे हैं। ऐसे में हमारे विशेष अभियान के तहत आज फोकस है विधायकों की मांग व विभागीय प्लान। करीब 100 सड़कों की मंजूरी का इंतजार है। पेश है विधानसभावार एक रिपोर्ट...
मवई तक चौड़ी होगा मार्ग, बनेंगी 25 नई सड़क
दरियाबाद के विधायक और प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने इस वित्तीय वर्ष में दो दर्जन से अधिक सड़कों के निर्माण, चौड़ीकरण और विशेष मरम्मत के प्रस्ताव दिए हैं। गनी का पुलिया से मवई तक साढ़े पांच मीटर चौड़ी सड़क, देवीगंज-सुबेहा व बतासिया-कोठारी गौरिया तक नई सड़क के प्रस्ताव हैं। नई परियोजनाएं तकनीकी जांच में हैं।
चौड़ीयारी नदी पर पुल, सिहाली मार्ग होगा चाैड़ा
कुर्सी के विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने अपने क्षेत्र की प्रमुख सड़कों को लेकर एक दर्जन प्रस्ताव शासन व विभाग को भेजे हैं। प्रमुख प्रस्ताव में फतेहपुर-सिहाली मार्ग का चौड़ीकरण, बेलहरा से पतौंजा मार्ग की विशेष मरम्मत व चौड़ीकरण बेहड़ा में चौरियारी नदी पर पुल निर्माण के प्रस्ताव है। विधायक के अनुसार स्वीकृति की प्रक्रिया में हैं।
25 सड़कों के प्रस्ताव, गुणवत्ता पर सवाल
बाराबंकी सदर से सपा विधायक सुरेश यादव ने करीब 25 सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण का प्रस्ताव भेजा है। प्रमुख प्रस्ताव में सरैया मजरे दाउदपुर, चमारन सरैया, मचौटी मार्ग, बंकी से भुहेरवा मार्ग व शुगर मिल ग्वारी रोड का पुनर्निर्माण शामिल हैं। विधायक ने सीसी सड़कों में मानक के अनुसार मिट्टी नहीं पड़ने की बात कही।
हेतमापुर तक सड़क की मांग
रामनगर के विधायक हरित महफूज ने करीब एक दर्जन सड़कों के प्रस्ताव दिए हैं। इनका प्रमुख प्रस्ताव है हेतमापुर मंदिर जाने वाले खड़ंजे को सड़क बनाना। विधायक का आरोप है कि उनके क्षेत्र में होने वाले निर्माण कार्यों में उनके नाम का शिलापट्ट हटा दिया जाता है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों पर आरोप लगाए हैं।
52 सड़कों की मंजूरी के बीच उम्मीदें अभी और
विधानसभा हैदरगढ़ क्षेत्र में कुछ दिन पहले ही 52 सड़कों के शुद्दीकरण, मरम्मत व चौड़ीकरण के प्रस्ताव स्वीकृत किए गए। विधायक के अनुसार यह बड़ी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जुड़े गांवों की सड़कों का सुदृढ़ीकरण के अलावा एक दर्जन सड़कों की मांग की गई है। विधायक का कहना है कि स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।
देवा से हाईवे तक सड़क की मांग, मंजूरी तो मिले
विधायक गौरव रावत के प्रस्तावों में देवा नहर पुल से जहांगीराबाद शहाबपुर होते हुए लखनऊ अयोध्या नेशनल हाईवे के चौपुला तिराहे के निकट तक, सूत मिल से जहांगीराबाद रोड, सतरिख इलाके में गौरिया घाट जाने वाली रोड प्रमुख है। कई अन्य सड़कों के प्रस्ताव दिए हैं। विधायक कहना है कि विभाग द्वारा पैचवर्क करके ही काम चलाया जा रहा है। नई सड़कों की स्वीकृति नहीं मिल रही।