बाराबंकी। रामनगर क्षेत्र में सरयू नदी स्थित संजय सेतु के ज्वाइंट्स के मरम्मत कार्य पूर्ण हो जान?
- फोटो : BARABANKI
गनेशपुर (बाराबंकी)। रामनगर के संजय सेतु पर तीन दिनों पहले सात ज्वाइंटरों में आई दरार के मरम्मत का कार्य बुधवार शाम पूरा कर लिया गया। इसी के साथ ही वाहनों का आवागमन पहले की तरह शुरू कराया गया। पिछले तीन दिनों से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की देखरेेेख में पीएनसी कंपनी द्वारा मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा था।
बाराबंकी जिले को गोंडा-बहराइच से लिंक करने वाले संजय सेतु के सात ज्वाइंटर बीते शनिवार की रात क्षतिग्रस्त हो गए थे। अगले दिन सुुबह इसकी जानकारी होने के बाद हरकत में आए एनएचएआई के अधिकारियों ने पीएनसी कंपनी के कर्मचारियों द्वारा मरम्मत का कार्य शुरू कराया था।
इसी बीच लखनऊ और बहराइच की ओर से गुजरने वाले वाहनों केेे वन-वे के जरिए पुलिस की मुस्तैदी के बीच निकाला जा रहा था। दिन रात चले मरम्मत का कार्य बुधवार शाम को पूरा कर लिया गया। इससे पहले एनएचएआई के अधिकारियों द्वारा मरम्मत कार्य का परीक्षण किया गया ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति न पैदा हो सके। इसके बाद वाहनों को आवागमन पहले की तरह धीरे-धीरे शुरू कराया गया। अभी तक मरम्मत कार्य के चलते गोंडा, बहराइच, बलरामपुर व श्रावस्ती से आने वाले वाहनों को लखनऊ जाने के लिए अयोध्या के रास्ते भेजा जा रहा था।
संजय सेतु के सात ज्वाइंटरों में खराबी आ गई थी। जिसका मरम्मत कार्य तीन दिनों से चल रहा था। बुधवार को यह पूरा कर लिया गया है। अब वाहनों का आवागमन शुरू करा दिया गया है।
-योगराज सिंह, डिस्ट्रिक्ट प्रोग्राम मैनेजर, एनएचएआई