बाराबंकी। चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। जहांगीराबाद व मसौली में दो जनसेवा केंद्रों समेत तीन दुकानों का ताला तोड़ करीब ढाई लाख का माल ले उड़े। शनिवार सुबह दुकानों के ताले व शटर टूटे देख कारोबारियों में दहशत फैल गई। पुलिस छानबीन में जुटी है।
जहांगीराबाद के लोंहजर गांव निवासी संदीप वर्मा सद्दीपुर में जनसेवा केंद्र के साथ फोटोग्राफी की दुकान संचालित करते हैं। इनके अनुसार शुक्रवार की रात ताला तोड़कर दुकान से लैपटॉप, हार्ड डिस्क, कैमरा, चार्जर, डाटा केबल सहित करीब दो लाख रुपये कीमत के उपकरण व सामान उठा ले गए। सुबह दुकान खोलने आये तो चोरी की जानकारी हुई।
थानाध्यक्ष रामप्रकाश मिश्रा ने बताया कि जांच हो रही है। वहीं मसौली थाने की त्रिलोकपुर में रामचंद्र मार्केट में स्थित जनसेवा केंद्र के संचालक विनोद कुमार ने बताया कि उनकी दुकान से लगभग 20 हजार रुपये की नकदी और लैपटॉप चोरी हुआ है।
वहीं कपड़े के कारोबारी अंबुज विश्वकर्मा के अनुसार चोर गल्ले में रखे करीब दो हजार रुपये और तीन से चार जोड़ी पैंट-शर्ट उठा ले गए। पास में ही शराब की दुकान का सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ टूटा मिला। पुलिस का मानना है कि पहचान छिपाने के लिए चोरों ने ऐसा किया। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।