चौकाघाट रेलवे स्टेशन से बुढ़वल रेलवे स्टेशन तक रेलवे ट्रैक पर मालगाड़ी से ट्रैक के किनारे बोल्डर गिराया जा रहा था। इस दौरान कुछ बोल्डर ट्रेन के नीचे भी आ गए। जिसके चलते चौकाघाट रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रेन अप लाइन पर जाम हो गई। इस दौरान तीन घंटे तक रेलवे क्रॉसिंग बंद रही जिसके चलते क्रॉसिंग के दोनों ओर वाहनों का लंबा जाम लग गया। ट्रेनों को भी डाउन लाइन से गुजारा गया।
रेलवे ट्रैक को मजबूती देने के लिए रेल पथ विभाग द्वारा चौकाघाट से बुढ़वल तक अप लाइन के किनारे बोल्डर डाले जाने थे। इसके लिए मालगाड़ी से ट्रैक के दोनों ओर बोल्डर गिराए जा रहे थे। लेकिन करीब एक किमी की लंबाई में गिराए गए वोल्डर रेलवे ट्रैक पर भी आ गए। जिसके चलते चौका घाट रेलवे क्रॉसिंग के पास बोल्डर गिरा रही ट्रेन के पहिया चोक हो गए।
इससे बोल्डर गिरा रही ट्रेन क्रॉसिंग पर ही रुक गई। श्रमिकों ने ट्रेन के नीचे से बोल्डर निकाले। इस दौरान तीन घंटे तक क्रॉसिंग बंद रही। जिसके चलते क्रॉसिंग के दोनों ओर वाहनों का लंबी-लंबी कतारें लग गईं। लोग घंटों जाम में फंसे रहे। ट्रेनों को डाउन लाइन से होकर गुजारा गया। शाम छह बजे के बाद मालगाड़ी को क्रॉसिंग के पास से हटाया जा सका।