बाराबंकी। भाजपा ने बुधवार को जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किए। कार्यक्रमों में कुल 2847 बूथ अध्यक्षों के सापेक्ष 2719 बूथ अध्यक्षों ने भागीदारी की। शहर के जीआईसी ऑडिटोरियम में आयोजित सम्मेलन में पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष त्र्यंबक त्रिपाठी ने बूथ अध्यक्षों को संगठन का प्रधान सेनापति बताते हुए उनके दायित्व और भूमिका को रेखांकित किया।
कुर्सी विधानसभा के मुंडा गोपाल आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा ने बूथ अध्यक्षों से अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी सक्रियता के साथ काम करने का आह्वान किया। दरियाबाद विधानसभा के रामसनेहीघाट स्थित सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित सम्मेलन में मुख्य अतिथि रामदेव पाल ने भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके मजबूत संगठन को बताया।
राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि चुनाव की वास्तविक लड़ाई बूथ पर लड़ी जाती है और समर्पित बूथ कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ हैं। हैदरगढ़ में आयोजित सम्मेलन में भाजपा प्रदेश मंत्री शिवभूषण सिंह ने कहा कि पंचायत से लेकर लोकसभा चुनाव तक प्रत्येक चुनाव में सफलता का आधार मजबूत बूथ संगठन ही होता है।
जैदपुर विधानसभा के सफदरगंज स्थित मंडी परिषद परिसर में आयोजित सम्मेलन में मुख्य अतिथि आरबी सिंह ने बूथ अध्यक्षों से 12 सदस्यीय बूथ समितियों को सक्रिय करने और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।