बाराबंकी। फिरोजपुर से धनबाद जा रही गंगा-सतलुज एक्सप्रेस (13308) में बृहस्पतिवार को बम होने की सूचना मिलते ही अयोध्या से लेकर बाराबंकी तक हड़कंप मच गया। दरियाबाद रेलवे स्टेशन से रवाना हुई ट्रेन को अयोध्या जिले के पटरंगा स्टेशन पर तुरंत रोक लिया गया। बम निरोधक दस्ते (बम डिस्पोजल टीम) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने ट्रेन की हर बोगी की सघन तलाशी ली। कोई बम या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इस दौरान यह रेल मार्ग करीब डेढ़ घंटे तक ठप रहा। जिससे वंदे-भारत एक्सप्रेस भी दरियाबाद रेलवे स्टेशन पर डेढ़ घंटे तक खड़ी रही। जीआरपी ने फर्जी सूचना देने वाले झारखंड के हजारीबाग निवासी अनंत राज नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
गंगा-सतलुज एक्सप्रेस बृहस्पतिवार दोपहर करीब एक बजे बाराबंकी के दरियाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंची और दो मिनट बाद ही वहां से रवाना हुई। कुछ ही देर में यूपी पुलिस के 112 नंबर वाले कंट्रोल रूम पर ट्रेन में बम होने की सूचना आई। सूचना मिलते ही अयोध्या से लेकर बाराबंकी तक हाई अलर्ट जारी कर दिया गया। यात्रियों तक सुगबुगाहट पहुंची तो ट्रेन में अफरातफरी मच गई। रेलवे प्रशासन ने दोपहर करीब 1 बजकर 20 मिनट पर ट्रेन को अयोध्या की सीमा में पड़ने वाले पटरंगा रेलवे स्टेशन पर रोककर तलाशी शुरू करवाई। इस दौरान ट्रेन में सवार यात्रियों की सांसें थम गईं। दहशत के बीच यात्री भी नीचे उतर गए। हर बोगी की बारीकी से जांच की गई, लेकिन कहीं कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। बाराबंकी जीआरपी के एसएचओ रमांकर यादव ने बताया कि आरोपी युवक अनंत राज रुड़की से कोडरमा जाने के लिए ट्रेन में सवार हुआ था। वह कुछ सिरफिरा लगता है। उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।
.................
तीन ट्रेनें रोकी गई, बेहाल हुए वंदेभारत के यात्री
दरियाबाद। सुरक्षा की दृष्टि से इस दौरान दिल्ली-अयोध्या वंदे भारत एक्सप्रेस को 1:35 बजे से 3:00 बजे तक दरियाबाद स्टेशन पर खड़ा रखना पड़ा। इससे यात्री बेहाल रहे। इसके अलावा मेरठ सिटी-वाराणसी इंटरसिटी को सैदखानपुर स्टेशन पर और धनबाद-फिरोजपुर एक्सप्रेस को रुदौली में रोका गया।
......................
दहशत के ढाई घंटे... जानिए कब क्या हुआ
- 1:00 बजे-गंगा सतलुज एक्सप्रेस दरियाबाद रेलवे स्टेशन बाराबंकी की ओर से पहुंची।
- 1:02 बजे- ट्रेन दरियाबाद रेलवे स्टेशन से रवाना हुई।
- 1:05 बजे- ट्रेन करीब पांच किलोमीटर आगे बढ़ी, तभी 112 नंबर पर बम होने की सूचना मिली।
- 1:20 बजे- गंगा सतलुज एक्सप्रेस को अयोध्या के पटरंगा रेलवे स्टेशन पर रोक तलाशी शुरू हुई।
- 3:53 बजे- सुरक्षाबलों द्वारा तलाशी पूरी होने के बाद ट्रेन को अयोध्या की ओर रवाना किया गया।
......................