बाराबंकी। अलग-अलग स्थानों पर दो लोग संदिग्ध हालात में मृत मिले। जहांगीराबाद क्षेत्र में युवक का शव नहर में मिला और कुछ दूर उसकी बाइक पड़ी थी। मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र में अधेड़ का शव सड़क किनारे मिला।
जहांगीराबाद क्षेत्र के पलिया मसूदपुर के पास से गुजरी माइनर में रविवार को युवक का शव मिला। शव की पहचान फतेहपुर क्षेत्र के जरखा निवासी अमित यादव (30) पुत्र रामलोचन के रूप में हुई। कुछ दूरी पर ही उसकी बाइक भी पड़ी थी। मृतक के भाई सुमित ने बताया कि अमित कोतवाली नगर के साईंनगर, मंझपुरवा में रहता था। रविवार दोपहर बाइक से निकला था। शाम तक वापस नहीं आया तो फोन किया। उसने कुछ देर में लौटने की बात कही। रात करीब नौ बजे पुलिस ने फोन से शव मिलने पर पहचान के लिए बुलाया। पुलिस का कहना है कि बाइक अनियंत्रित होकर माइनर में गिरने से युवक की मौत हुई है। घटना स्थल के हालात को देखते हुए परिवारीजन युवक की हत्या की आशंका जता रहे हैं। थाना प्रभारी अक्षय कुमार का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, मोहम्मदपुरखाला थाना क्षेत्र में किशुनीपुर रोड के किनारे एक अधेड़ का शव संदिग्ध शनिवार को पड़ा मिला। मृतक की शिनाख्त मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र के कहान पुरवा मजरा पतौंजा निवासी रामंचद्र (57) के रूप में हुई। थानाध्यक्ष मनोज शर्मा ने बताया कि मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट नहीं हुआ है। विसरा को जांच के लिए भेजा जा रहा है।