बाराबंकी। बदोसराय क्षेत्र में सोमवार सुबह एक व्यक्ति का शव सड़क किनारे मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की लेकिन मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस के मुताबिक टिकैतनगर मार्ग के किनारे मदारपुर गांव के पास गड्ढे में सोमवार सुबह एक अधेड़ का शव मिला। जानकारी होते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने शव की शिनाख्त रामसिंह उर्फ सिंघा (50) निवासी कोटवाधाम के रूप में की। सूचना पर परिवारीजन भी वहां पहुंच गए। राम सिंह की पत्नी लक्ष्मी देवी ने बताया कि वह एक रिश्तेदार के घर तिलक समारोह में गई थी। बेटा राहुल बाहर था। घर में 10 वर्षीय बेटी आरती ही थी। आरती ने बताया कि पिता रामसिंह रविवार शाम साइकिल से निकले थे। इसके बाद वापस नहीं लौटे। अधेड़ की मौत के बाद घर में कोहराम मच गया। कोतवाल यादवेन्द्र पाल का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।