दशहराबाग के पास कोचिंग से घर वापस लौट रहे एक छात्र को नीली बत्ती लगी कार ने रौंद दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल छात्र को राहगीरों ने जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। जहां छात्र की मौत हो गई।
फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भगौली निवासी शिवम (25) पुत्र अशोक बरदरी महाविद्यालय से बीएससी एजी का छात्र था। छात्र शहर कोतवाली क्षेत्र के जीजीआईसी कॉलोनी निवासी अपने चाचा मनोज कश्यप के साथ रह रहा था। शुक्रवार की सुबह बाइक से दशहराबाग स्थित एक कोचिंग से ट्यूशन पढ़कर लौट रहा था।
रामलीला मैदान के पास पीछे से तेज रफ्तार से आ रही नीली बत्ती लगी कार छात्र को रौंदते हुए चली गई। हादसे में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने घायल को आननफानन जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने छात्र की हालत गंभीर होता देख ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। शहर कोतवाल बीपी यादव ने बताया कि नीली बत्ती लगी कार से हादसे होना बताया जा रहा है। कार का पता लगाया जा रहा है।
हादसे में अज्ञात की मौत
मसौली। थाना क्षेत्र के बिंदौरा के पास शुक्रवार की सुबह घायल अवस्था में एक (26) वर्षीय अज्ञात युवक सड़क किनारे पड़ा मिला। ग्रामीणों ने देखा तो मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष नरेंद्र सिंहे, सिपहियों से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। रामानंद ने बताया की युवक के पास एक झोले में रेवड़ी, कपड़ा व शॉल मिला है। शिनाख्त नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।