हैदरगढ़ (बाराबंकी)। उत्तर प्रदेश में विकास का धन लूट कर सरकार के मंत्री अपनी जेबें भर रहे हैं और गरीब जनता बिजली पानी व बेरोजगारी से जूझ रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित विरोध-प्रदर्शन में भाजपा सांसद ने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया तथा केंद्र की सरकार द्वारा शुरू किए गए कार्यों की सराहना की।
शुक्रवार को तहसील मुख्यालय पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर नगर से लेकर राज्य सरकार स्तर तक भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाया है। सांसद प्रियंका सिंह रावत ने कहा फसल बर्बादी पर प्रदेश की सरकार किसानों को राहत नहीं दे पाई है। शहरों में बिजली की कटौती व लो-वोल्टेज से उपभोक्ता परेशान है, गांवों में कई-कई दिनों तक लोगों को बिजली नहीं मिलती है। खरीफ में अब तक किसानों को नहर से पर्याप्त पानी नहीं मिला है। कहा कि प्रदेश में खेेती किसानी, व्यवसाय, शिक्षा आदि पूरी तरह से चौपट है जिससे बेरोजगारी व गरीबी बढ़ने से प्रदेश विकास में पिछड़ता जा रहा है। पूर्व विधायक सुंदर लाल दीक्षित ने स्थानीय समस्याओं को उठाते हुए कहा असंद्रा के कादिरपुर गांव में मारपीट की घटना में किसान की मौत पुलिस की लापरवाही से हुई है। थानाध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर विरोध-प्रदर्शन की चेतावनी दी है। सभासद महेश अग्रवाल ने नगर पंचायत में बीते तीन वर्ष के दौरान विकास कार्यों में धांधली का मुद्दा उठाया। कहा कि सोलर लाइट खरीद समेत अन्य कार्यों में धांधली की जांच कराने तथा बीते वर्ष सभासदों की शिकायत पर एसडीएम की जांच रिपोर्ट के अनुसार कार्रवाई की मांग की। जिलाध्यक्ष शरद अवस्थी, एमएलसी हरगोविंद सिंह, रामनरेश रावत, सभासद स्कंद तिवारी, राज कुमार सिंह, संजय वर्मा, रंजीत सिंह महंत, रन बहादुर राना, पंकज दीक्षित, केके सिंह, सियाबिहारी मिश्र, अंजनी मिश्र, चंद्रशेखर सिंह आदि मौजूद रहे।