बाराबंकी। जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कई स्थानों पर रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को सुना। जिला मुख्यालय पर भाजपा कार्यालय में भी यह कार्यक्रम सुना गया। सूरतगंज क्षेत्र के सौरभ बैसवार का नाम किसान कल्याण निबंध लिखने के लिए प्रधानमंत्री ने लिया तो सभी ने हर्ष जताया।
निंदूरा क्षेत्र के कस्बा टिकैतगंज स्थित कुंडवा चौराहे पर कुर्सी विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने कार्यकर्ताओं व क्षेत्रवासियों के साथ इसे सुना। इस दौरान प्रधानमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए मां के नाम दो पेड़ लगाने की अपील की। विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने उपस्थित लोगों से इस अपील को एक जन-आंदोलन बनाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि छायादार और फलदार पेड़ लगाकर पर्यावरण संरक्षण के साथ समाज को भी लाभ पहुंचाया जा सकता है। विधायक ने किसानों से उन्नत खेती अपनाने की बात कही। उन्होंने सौर ऊर्जा का उपयोग बढ़ाने तथा सिंचाई सुविधाओं का बेहतर लाभ लेने की भी अपील की।