बाराबंकी। श्रमिक स्पेशल ट्रेन से गुजरात से लौट रही एक गर्भवती को प्रसव पीड़ा होने पर शनिवार रात उतार कर सीएचसी रामनगर में भर्ती कराया गया। महिला ने वहां बच्चे को जन्म दिया।
गुजरात से सूरत से श्रमिक स्पेशल ट्रेन से परिवारीजनों के साथ गाजीपुर के रेउसी निवासी रामनिवास यादव की पत्नी शारदा को शनिवार शाम जिले के बुढ़वल रेलवे स्टेशन पर प्रसव पीड़ा शुरू हुई थी। ट्रेन प्रवासी मजदूरों को सूरत से लेकर गोरखपुर जा रही थी। बुढ़वल स्टेशन पर सिग्नल न मिलने से ट्रेन रुकी तो सूचना पर स्टेशन मास्टर को दी गई। प्रसव पीड़ा से तड़प रही महिला को तत्काल ट्रेन से उतार कर एंबुलेंस से सीएचसी रामनगर में भर्ती कराया, जहां देर रात शारदा ने बेटे को जन्म दिया।
गाजीपुर निवासी रामनिवास सूरत में काम करते थे। पत्नी शारदा भी साथ रहती थी। सीएचसी के डॉक्टरों के मुताबिक शारदा का यह पहला बच्चा है। प्रसव के बाद सोमवार को उसे डिस्चार्ज कर दिया गया। रामनिवास, पत्नी व बच्चे को निजी एंबुलें से लेकर घर रवाना हो गया। डॉ राजीव ने बताया कि जच्चा-बच्चा दोनों के स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज कर दिया गया।