बाराबंकी। जिले में दो स्थानों पर हुए सड़क हादसों में बरात से लौट रहे बाइक सवार की मौत हो गई। वहीं, कार की टक्कर से ई-रिक्शा सवार तीन लोग घायल हो गए।
फतेहपुर थाना क्षेत्र के पेना पुरवा मजरे गोपालपुर निवासी राजेंद्र प्रसाद (56) रसूलपुर गांव स्थित एक मैरिज लॉन में आयोजित वैवाहिक समारोह में शामिल होकर बाइक से रविवार की रात 11 बजे घर लौट रहे थे। फतेहपुर-रामनगर मार्ग स्थित अंबेडकर नगर के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे हेलमेट लगाए होने के बावजूद सिर में गंभीर चोट लगने से राजेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश में जुटी है।
दूसरी घटना लखनऊ-अयोध्या मार्ग पर हुई। यहां तुलसीपुर गांव के निकट अयोध्या की ओर रही एक कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। ई-रिक्शा चालक जैदपुर थाने के ग्राम बरुहा निवासी संतोष कुमार, यात्री कोटवा सड़क निवासी काजल व उधौली निवासी राम समुझ घायल हो गए। कार सवार कार छोड़ कर मौके से भाग निकले।