रामसनेहीघाट क्षेत्र में लखनऊ-फैजाबाद मार्ग पर हुए हादसे के बाद लगी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ- फैजाबाद मार्ग पर स्थित कोटवासड़क कस्बे में शनिवार को खड़ेे ट्रक से बाइक टकरा जाने से बाइक पर सवार तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे का शिकार लोग लखनऊ के निवासी बताए जा रहे है। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
इमामाबाडा फैजुल्लागंज थाना मडियावं जनपद लखनऊ निवासी रियाज अहमद(26) शनिवार को बगैर नंबर की बाइक पर अपनी पत्नी खुशबू (23) बहन नाजनीन (35) एवं भांजी सुम्मा (8) को लेकर अपनी ससुराल देवगांव थाना कुमारगंज फैजाबाद जा रहे थे।
अभी यह रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में कोटवा सड़क के पास पहुंचे थे कि तभी बाइक रोड पर पहले से ही खड़े ट्रक में टकरा गई। इस हादसे में रियाज एवं उसकी भांजी सुम्मा की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बहन नाजनीन एवं पत्नी खुशबू को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा गया जहां नाजनीन ने भी दम तोड़ दिया जबकि खुशबू का इलाज चल रहा है।
परिवारीजनों के मुताबिक रियाज अहमद अपनी बहन एवं भांजी को लेकर नरौली थाना मवई में छोड़कर अपनी ससुराल देवगांव फैजाबाद जाने के लिए शनिवार को घर से निकला था लेकिन कुदरत ने उन्हें कोटवा सड़क से आगे नहीं बढ़ने दिया।
रियाज मूल रूप से गनौली थाना पटरंगा फैजाबाद का निवासी है जो काफी दिनों से लखनऊ में रहता है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में ले लिया तथा रियाज के पास मिले मोबाइल के माध्यम से उसकी शिनाख्त कराई।
घटना की सूचना मिलते ही गनौली स्थित सभी परिवारीजन मौके पर पहुंचे जहां पुलिस ने आवश्यक लिखा पढ़ी के बाद दोनो शवो को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल रामराज सरोज का कहना है कि हादसे के समय युवक हेलमेट पहनकर बाइक चला रहा था लेकिन एक बाइक पर चार लोग सवार होने से यह हादसा हुआ है।