हरख। स्थानीय ब्लॉक सभागार में क्षेत्र पंचायत की बैठक बृहस्पतिवार को ब्लॉक प्रमुख रवि रावत की अध्यक्षता में हुई। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी और मध्याह्न भोजन (एमडीएम) को लेकर ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने संबंधित अधिकारियों को घेरा। अधिकारी सही जवाब देने के बजाय बचते नजर आए।
खंड शिक्षा अधिकारी अश्वनी प्रताप सिंह सरकारी स्कूलों में संचालित मध्याह्न भोजन के मेन्यू की जानकारी नहीं दे सके। इस पर सदस्यों ने नाराजगी जताते हुए हंगामा किया। कहा कि जब बीईओ को एमडीएम का मेन्यू नहीं पता है तो विद्यालयों में भोजन की गुणवत्ता सुधारने के लिए क्या काम करेंगे।
सदस्यों ने बीईओ से पूछा कि बच्चों को किस दिन क्या भोजन दिया जाता है। इस पर बीईओ जवाब देने के बजाय माइक छोड़कर अपनी कुर्सी पर बैठ गए। इससे सभा में हंगामा शुरू हो गया। बैठक में जल जीवन मिशन के तहत सड़कों की खोदाई का मुद्दा भी जोर-शोर से उठाया गया। सदस्यों ने आरोप लगाया कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों की मरम्मत ठीक ढंग से नहीं कराई गई। ब्लॉक प्रमुख रवि रावत ने सदस्यों से कहा कि वे अपनी समस्याएं लिखित रूप में प्रस्तुत करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि संबंधित अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।