बाराबंकी। खाद की पर्याप्त उपलब्धता के दावे के बाद भी समितियों पर खाद के लिए भीड़ कम नहीं हो रही। समितियों पर यूरिया पहुंचने की सूचना मिलते ही उपलब्धता से चार-पांच गुना ज्यादा किसान खाद पहुंचने के लिए कतार में लग जाते हैं। इसके चलते खाद से पहले टोकन पाने की मशक्कत भी परेशानी बढ़ा रही है।
पारदर्शिता बरतने के लिए समितियों पर वितरण की निगरानी के लिए पहले से ही लेखपाल व तहसील के अन्य अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जा रही है। इसके साथ ही संबंधित थाने की पुलिस फोर्स भी मौके पर मौजूद रहती है।
बुधवार को भी सिरौलीगौसपुर क्षेत्र में खाद के लिए समितियों के बाहर काफी भीड़ जुटी दिखी। बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस को मशक्कत करना पड़ी।