हरख ब्लॉक के मोहना ग्राम पंचायत से क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए द्वितीय सीट से महिला प्रत्याशी विमला देवी पत्नी रामकेवल वर्मा के समर्थकों द्वारा गुरुवार की रात मतदाताओं को लुभाने के लिए पांच किलोग्राम का गैस सिलेंडर बांटा जा रहा था।
मतदाताओं की सूचना पर पहुंचे एसओ सतरिख जितेंद्र सिंह सेंगर ने मौके से एक प्रत्याशी समर्थक सतरिख थाना क्षेत्र के कटरा गांव निवासी दीपचंद्र पुत्र नन्हा को गिरफ्तार किया और मौके से पांच सिलेंडर भी बरामद किया।
कुछ समर्थक भागने में सफल रहे। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। मतदाताओं के अनुसार करीब चार सौ गैस सिलेंडर मतदाताओं को बांटने के लिए मंगवाए गए थे।
ज्यादातर गैस सिलेंडर बांटे जा चुके थे। प्रति गैस सिलेंडर की कीमत करीब ढाई सौ रुपये बताई जा रही है। जबकि महिला प्रत्याशी का चुनाव चिह्न ईंट का निशान है। इसके बावजूद गैस सिलेंडर बांटे जा रहे थे।
मोहना द्वितीय बीडीसी सीट की महिला प्रत्याशी द्वारा गैस सिलेंडर बांटे जाने की सूचना पर एक समर्थक को गिरफ्तार कर पांच सिलेंडर बरामद किया गया है। इस मामले में आचार संहिता के उल्लंघन की रिपोर्ट दर्ज की गई है और मामले की जांच के साथ फरार लोगों की तलाश की जा रही है।
-जितेंद्र सिंह सेंगर, एसओ सतरिख