बाराबंकी। मौनी अमावस्या के मौके पर रामनगरी अयोध्या में श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी वाहनों को अयोध्या जाने से रोका गया। हाईवे पर छह जगह तो इससे जुड़ी आठ अन्य सड़कों पर बैरीकेडिंग कर वाहनों को रोकना पड़ा। बसों को भी बहराइच या पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट कर दिया गया। बहराइच हाईवे पर दबाव बढ़ने से बहराइच की ओर से आने वाले वाहनों को सीतापुर डायवर्ट किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार 24 घंटे में करीब 55 हजार वाहन इस रूट पर डायवर्ट किए जाने से यहां भी जाम की परेशानी रही।
मौनी अमावस्या के चलते मंगलवार रात 11 बजे के बाद लखनऊ, कानपुर, रायबरेली, अमेठी आदि की ओर से काफी संख्या में वाहन बाराबंकी होते हुए अयोध्या जाने के लिए निकले थे। जिसे देखते हुए बाराबंकी व लखनऊ पुलिस ने गोरखपुर, बस्ती, गाजीपुर व पूर्वांचल के जिलों को जाने वाले वाहनों को किसान पथ पर डायवर्ट कर पूर्वांचल एक्सप्रेस वे की ओर डायवर्ट कर दिया। शहर के निकट चौपुला तिराहा डायवर्जन का केेंद्र रहा। यहां एएसपी, सीओ व छह थानाध्यक्ष के साथ पुलिस ने बैरीकेडिंग कर हर वाहन को बहराइच की ओर डायवर्ट कर दिया।
इससे हाईवे से जुड़ी सड़कों पर मंगलवार देर रात से लेकर बुधवार शाम तक लोगों को जाम की परेशानी से जूझना पड़ा। एसपी दिनेश कुमार सिंह स्वयं हाईवे का जायजा लेते रहे। बहराइच हाईवे पर बढ़े दबाव को देखते हुए बहराइच के चहलारी घाट पुल से वाहनों को बाराबंकी आने से रोकते हुए रेउसा सीतापुर रवाना किया गया।
फोटो- 44, 53
रामनगर में लगा जाम, रामसनेहीघाट में सन्नाटा
बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर रामनगर पर बुधवार शाम वाहनों की अधिकता के कारण जाम लग गया। रामनगर कस्बे से नचना गांव के उस पार तक करीब डेढ़ किमी लंबा जाम लग गया। शाम सात से आठ बजे तक सैंकड़ों वाहन फंसे रहे। वहीं, रामसनेहीघाट में पूरा दिन सन्नाटा रहा। क्योंकि बाराबंकी के बाद गिने चुने वाहन ही हाईवे पर दिख रहे थे।
ट्रेनों में डेढ़ गुना यात्री, कुंभ स्पेशल रोकी गई
सड़क पर डायवर्जन के कारण श्रद्धालु ट्रेन से अयोध्या पहुंचते रहे। लखनऊ से अयोध्या की ओर जाने वाली रक्सौल एक्सप्रेस, कैफियत एक्सप्रेस, व साबरमती में क्षमता से डेढ़ गुना यात्री देखे गए। इसे देखते हुए आरपीएफ की तीन अतिरिक्त टुकड़ियां स्टेशन पर निगरानी में लगाई गई हैं। बाराबंकी रेलवे स्टेशन के अधीक्षक अरूण रायजादा ने बताया कि कुंभ स्पेशल ट्रेन 30 जनवरी तक रोकी गई है।