बाराबंकी। एक जनपद एक उत्पाद में शामिल स्टोल के साथ बाराबंकी में तैयार होने वाले शहद, मेंथा उत्पादों, मसालों व सरसों के तेल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। 21 से 25 सितंबर तक नोएडा में होने जा रहे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में यहां तैयार होने वाले 19 उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे। देश के कई बड़े कारोबारियों के साथ कई यूरोपीय देश भी इस ट्रेड शो में शामिल होंगे, ऐसे में यहां के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी और छोटे उद्योगाें को भी वैश्विक बाजार मुहैया हो सकेगा।
प्रदेश सरकार की ओर से आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के जरिए ओडीओपी, एमएसएमई, महिला उद्यमी एवं एक्सपोर्ट को बढ़ावा देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। यही वजह है कि जिले के उद्यमी इस ट्रेड शो में शामिल होने के लिए आगे आए हैं। ट्रेड शो के लिए नौ एक्सपोर्ट्स ने 11 स्टॉल के लिए पंजीकरण कराया है, जबकि ओडीओपी में तीन उद्यमी एवं एमएसएमई में पांच उद्यमी आगे आए हैं।
खास बात तो यह है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस ट्रेड शो को लेकर महिला उद्यमी भी उत्साहित हैं। 19 स्टॉल में से पांच महिला उद्यमियों ने अपने उद्योगों की प्रदर्शनी के लिए बुक किए हैं। सब कुछ ठीक रहा तो यहां के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में हिस्सा मिलेगा और रोजगार के अवसर बढ़ सकेंगे। संवाद
इन्होंने कराया है पंजीकरण
ट्रेड शो के लिए एक्सपोर्टर आरके हैंडलूम एसेसीरीज, ग्रीनवियर फैशन, राजकुमार कंपनी, एएसआर हैंडलूम ने हथकरघा एवं टेक्सटाइल लालाजी फूड्स एंड बेवरेजेस ने फूड, गोयल एग्रो मैन्यूफैक्चरिंग ने सरसों तेल, आशरी मेंथाल व हर्बोकेम इंडस्ट्रीज ने मेंथा उत्पाद के लिए स्टॉल बुक किए हैं। ऑर्गेनिक इंडिया अपने आर्गेनिक उत्पादों की प्रदर्शनी लगाएगी। ओडीओपी में मोनिका कलेक्शन, बीसीएमपी ओवरसीज, जविन प्रतिभाग करेंगी। एसएसएमई में अपर्णा मिश्रा ने शहद, कसीरुननिशा, अकीला बानो, हदीसुन निशा व इम्तियाज ने हथकरघा व कढ़ाई उत्पादों के लिए स्टॉल बुक किए हैं।
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में बाराबंकी के 17 उद्यमी 19 स्टॉल लगाएंगे। इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उद्योगों को पहचान मिलेगी और वैश्विक बाजार मिलेगा। साथ ही छोटे उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा।
-आशुतोष श्रीवास्तव, उपायुक्त, जिला उद्याेग केंद्र