विमलेश, अनूप और अनिल की हादसे में मौत हो गई।
- फोटो : amar ujala
लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर रामसनेहीघाट के बैसनपुरवा के निकट रविवार को तेज रफ्तार सफारी की टक्कर से दो बाइकों पर सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक दोनों ओर वाहनों की कतार लगी रही।
पुलिस के अनुसार, नगर पंचायत रामसनेहीघाट के धरौली निवासी अनूप (18), विमलेश (19), अनिल यादव (17) और गया प्रसाद (17) भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने के लिए दो बाइकों से निकले थे। चारों पड़ोस के ही बैसनपुरवा के निकट हाईवे पार कर रहे थे। इसी दौरान अयोध्या की ओर से लखनऊ जा रही तेज रफ्तार सफारी की जोरदार टक्कर दोनों बाइकों में लगी। हादसे में अनूप, विमलेश और अनिल यादव की मौत हो गई, जबकि गया प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों ने सफारी चालक को पकड़कर पीट दिया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सीओ सौरभ श्रीवास्तव ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति संभाली। क्षेत्रीय विधायक व राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा भी घटनास्थल के बाद सीएचसी पहुंचे और घायल का हाल जाना। उन्होंने घायल को अपने वाहन से सीएचसी भिजवाया।