बाराबंकी के मीरापुर गांव में रविवार की सुबह किसान रामखेलावन (60) का शव गांव के बाहर पेड़ पर लुंगी से बने फंदे में लटका मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया रामखेलावन पर केसीसी के तहत बैंक का ऋण था। उनके हाथ में लकवा की बीमारी का प्रकोप भी था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार रामखेलावन की पत्नी का 10 साल पहले निधन हो चुका है। इनके तीन बेटे व उनका परिवार है। परिजनों ने बताया कि रामखेलावन रविवार सुबह घर से शौच के लिए निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे।
कुछ देर बाद गांव के अन्य लोग भी बाहर निकले तो करीब 200 मीटर दूर निर्जन स्थान पर रामखेलावन का शव 15 फीट ऊपर फंदे से लटका देखा। ग्रामीणों बताया कि शनिवार शाम तीरगांव चौराहे पर होटल से पूड़ी सब्जी भी खाकर गए थे। एसएचओ डीके सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होगा।