बाराबंकी। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए परिवहन विभाग 15 जनवरी से बाराबंकी से इटावा के बीच रोडवेज बस सेवा दोबारा शुरू करने जा रहा है। इस बस के चलने से बाराबंकी के साथ-साथ लखनऊ, कानपुर, औरैया और गोंडा की यात्रा करने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी।
यह बस बाराबंकी के नये बस स्टेशन से संचालित की जाएगी। एआरएम जमीला खातून ने बताया कि यह सेवा पहले बंद हो गई थी, जिसे अब फिर से शुरू किया जा रहा है। समय सारिणी के अनुसार बस सुबह 6:00 बजे डुमरियागंज से चलकर 9:52 बजे बाराबंकी पहुंचेगी। यहां से प्रस्थान कर यह 10:25 बजे लखनऊ, दोपहर 1:24 बजे कानपुर, 3:52 बजे औरैया और शाम 5:19 बजे इटावा पहुंचेगी। अगले दिन सुबह 8:00 बजे यह बस इटावा से रवाना होगी और दोपहर 3:22 बजे बाराबंकी पहुंचेगी। इसके बाद यह आगे गोंडा और डुमरियागंज के लिए जाएगी। यह बस लगभग 498 किलोमीटर का सफर करीब 11 घंटे में तय करेगी। एआरएम ने बताया कि कुछ अन्य लंबे रूटों पर भी बसें चलाने की योजना है, जिसकी घोषणा उच्चाधिकारियों से मंजूरी मिलते ही की जाएगी।